संवाद न्यूज एजेंसी
हल्द्वानी। गौला बैराज में सिल्ट आने पर बृहस्पतिवार शाम पेयजल आपूर्ति रोक दी गई जिससे शाम 6.30 बजे के बाद शीशमहल स्थित फिल्टर प्लांट को पानी नहीं मिल पाया। शहर के गौला आच्छादित क्षेत्र में शाम को पेयजल आपूर्ति ठप हो गई।
बृहस्पतिवार को रामणी जसुआ क्षेत्र का नलकूप ठीक होने से क्षेत्र को सात दिन बाद पानी मिल पाया। इधर तल्ली बमोरी में भी प्रभावित इलाके में पेयजल लाइनों की मरम्मत कार्य शुरु हो गया है। वहीं छड़ायल, बमोरी तल्ली, दमुवाढूंगा, आनंदपुर और विकासनगर क्षेत्र में अब भी हजारों की आबादी को पानी नहीं मिल पा रहा है। जल संस्थान के एई रविंद्र कुमार ने बताया कि क्षेत्र में पेयजल लाइनों की मरम्मत की जा रही है। प्रभावित क्षेत्र में टैंकरों के माध्यम से आपूर्ति कराई जा रही है।
ईई ने दिए समय पर काम करने के निर्देश
हल्द्वानी। बजूनिया हल्दू में जल जीवन मिशन के तहत हो रहे कार्यों का जल संस्थान के अधिशासी अभियंता रविशंकर लोशाली ने निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित ठेकेदार से निर्माण कार्य को गुणवत्ता के साथ समय पर करने के निर्देश दिए।