क्रीड़ा संघ और जिमखाना क्लब के सहयोग से अमर उजाला प्रायोजित 94वीं अखिल भारतीय ट्रेड्स कप हॉकी प्रतियोगिता में रविवार को दो मैच खेले गए। लखनऊ तथा मुरादाबाद की टीमों ने जीत दर्ज कर अगले चक्र में प्रवेश किया। रविवार का अवकाश होने की वजह से मैच देखने के लिए स्थानीय लोगों के साथ ही पर्यटकों की भी काफी भीड़ जुटी रही।
डीएसए मैदान में पहले मैच में यंग मैन हाकी क्लब रामपुर तथा केडी बाबू हाकी स्टेडियम लखनऊ के खिलाड़ी आमने-सामने थे। पहले हाफ से ही लखनऊ की टीम 2-0 से बढ़त बना ली। खेल के 9वें मिनट में हारुक अलवी तथा 32वें मिनट में अभिमन्यु ने गोल किया। दूसरे हाफ में रामपुर के खिलाड़ी गोल के लिए जूझते रहे लेकिन उन्हें खेल की समाप्ति तक कोई कामयाबी नहीं मिल सकी। इस प्रकार लखनऊ ने यह मैच 2-0 से जीत लिया।
दूसरे मैच में मुरादाबाद हाकी क्लब और एनई रेलवे वाराणसी के खिलाड़ी आमने-सामने थे। पहले हाफ में मुरादाबाद 1-0 से आगे था। खेल के 14वें मिनट में रहमान ने गोल किया। वाराणसी ने गोल करने के काफी प्रयास किये लेकिन कामयाबी नहीं मिली। अंपायर मंजुल प्रकाश सनवाल, सीएल साह, अमित कुमार व ललित साह थे। तकनीकी समिति में दीपक साह व रोहित साह जबकि तकनीकी निदेशक अहमद सिद्दीकी थे मैच का आंखों देखा हाल मनोज कुमार ने सुनाया।
आज के मुकाबले
- नार्दन रेलवे लखनऊ बनाम हाकी एसोसिएशन फिरोजपुर
- ग्रेवाल स्पोटिंग क्लब किलारायपुर बनाम डीएचए सुल्तानपुर
- मेवाड़ यूनाइटेड उदयपुर बनाम मार्केडेय हाकी क्लब शाहबाद