किच्छा। इलाज के दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई। परिजनों ने हल्द्वानी रोड पर स्थित एक अप्रशिक्षित चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। चिकित्सक को हिरासत में लिया गया है।
निकटवर्ती सुभाषनगर काॅलोनी निवासी महेश कश्यप (32) सिडकुल की एक कंपनी में नौकरी करता था। शनिवार को उसके पेट में दर्द उठा तो परिजन उसे हल्द्वानी रोड पर स्थित एक डाॅक्टर के पास ले गए। डॉक्टर ने उसे इंजेक्शन लगाकर और दवा देकर घर भेज दिया। बताया जा रहा है कि रविवार सुबह महेश बाथरूम गया और वहां अचेत होकर गिर गया। परिजन उसे अस्पताल ले गए जहां डाॅक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने चिकित्सक पर इलाज में लापरवाही करने का आरोप लगाया। पुलिस ने आरोपी डॉक्टर को हिरासत में लिया है। समाचार लिखे जाने तक तहरीर नहीं सौंपी गई थी। पुलिस ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।