फोटो। लालकुआं में आयोजित श्री श्याम संकीर्तन महोत्सव में भजनों पर झूमते श्रद्धालु।
लालकुआं (नैनीताल)। श्याम परिवार की ओर से आयोजित भव्य श्याम संकीर्तन महोत्सव में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। शनिवार रात्रि से प्रारंभ हुए इस भव्य आयोजन में पंजाब से आए प्रसिद्ध भजन प्रवाहक मयंक अग्रवाल, फतेहाबाद की मोना मेहता, काशीपुर की निशा अरोड़ा और रुद्रपुर के हिमांशु पारीक ने अपने सुमधुर भजनों से हजारों श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। महोत्सव का शुभारंभ वरिष्ठ समाजसेवी इंदर जैन, राजेश जैन, विधायक डॉ. मोहन बिष्ट, नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी, पूर्व चेयरमैन रामबाबू मिश्रा ने किया। रातभर चले संकीर्तन में कलाकारों ने खाटू न जाऊं तो जी घबराता है..., बाबा हमें तेरी आदत हो गई है..., खाटू वाले का दरबार बड़ा भावे..., श्याम तेरी चौखट पर आया हूं मैं हार के... आदि भजनों की प्रस्तुति दी।
रविवार सुबह महाआरती के बाद प्रसाद वितरण किया गया। संपूर्ण हवन यज्ञ व अनुष्ठान पंडित राजीव गौड़ ने संपन्न कराए। वहां प्रमोद अग्रवाल, राजेश अग्रवाल, विकेश अग्रवाल, सुमित अग्रवाल, अमित गोयल, गौरव गोयल, मुकेश सैनी, सोनू गोयल आदि शामिल थे।