भीमताल(नैनीताल)। जिले में दो साल से विज्ञान विषय में 50 से अधिक प्रवक्ताओं के पद रिक्त होने से विद्यार्थियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रवक्ताओं के पदों पर नियुक्ति नहीं होने के चलते विद्यार्थियों को विज्ञान विषय की पढ़ाई के लिए 5 से 10 किमी का अतिरिक्त सफर तय करके अन्य विद्यालयों में पढ़ाई करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
भीमताल, ओखलकांडा, रामगढ़, धारी और बेतालघाट ब्लॉक के इंटर कॉलेजों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को सबसे अधिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान और बॉयोलॉजी विषय में प्रवक्ताओं के पद रिक्त चल रहे हैं। अभिभावकों की ओर से सरकार और शिक्षा विभाग के अधिकारियों से रिक्त पदों पर नियुक्ति की मांग भी पूरी नहीं हो पा रही है। इसके चलते अभिभावकों को अपने बच्चों को अन्य विद्यालयों में भेजने को मजबूर होना पड़ रहा है। मुख्य शिक्षाधिकारी रणजीत नेगी ने बताया कि निदेशालय स्तर से जल्द प्रवक्ताओं की नियुक्ति करने की प्रक्रिया गतिमान है। सीईओ ने कहा कि जल्द रिक्त पदों पर नियुक्ति हो जाएगी। संवाद