नैनीताल। जिला मुख्यालय के लोक निर्माण विभाग में अवर अभियंताओं की कमी बनी हुई है। यहां अवर अभियंताओं के स्वीकृत 15 पदों के सापेक्ष केवल छह ही नियुक्त हैं। इनमें से भी दो संविदा पर हैं। महिला अभियंता मातृत्व अवकाश पर हैं जबकि एक अभियंता को भवाली संबद्ध किया गया है।
लोनिवि के अंतर्गत नैनीताल शहर के अलावा समीपवर्ती पंगोट, कुंजखड़क, कालाढूंगी, ओखलकांडा खनस्यू तक का क्षेत्र आता है। इस समय शहर में ही चौराहा चौड़ीकरण, लोअर मॉलरोड, बाजारों का सौंदर्यीकरण समेत अन्य कार्य चल रहे हैं।
मानसखंड मंदिर माला मिशन के कार्य लोनिवि की ओर से कराए जा रहे हैं। इसके अलावा विभिन्न मार्गों पर भी कार्य चल रहे हैं। ईई रत्नेश सक्सेना का कहना है कि सहायक अभियंताओं की जिम्मेदारी तय कर तैनात अवर अभियंताओं से कार्य लिया जा रहा है। रिक्तियों के सापेक्ष नियुक्ति के लिए शासन स्तर पर पत्राचार किया गया है।