लालकुआं नगर पंचायत बोर्ड की बैठक में मौजूद जनप्रतिनिधी।
- फोटो : LALKUAN
लालकुआं (नैनीताल)। नगर पंचायत की शुक्रवार को हुई बोर्ड बैठक में नगर में शॉपिंग कांप्लेक्स, बाईपास, वॉशिंग सेंटर और ग्रीन पार्क बनाने समेत कुल 36 प्रस्ताव पारित किए गए।
नगर पंचायत सभागार में नगर पंचायत अध्यक्ष लाल चंद्र सिंह की अध्यक्षता में बोर्ड बैठक आयोजित की गई। लगभग पांच घंटे चली बैठक में वार्ड नंबर एक स्थित हाट बाजार स्थल पर भूमिगत शॉपिंग कांप्लेक्स बनाने का प्रस्ताव पारित किया। नगर पंचायत अध्यक्ष लालचंद सिंह ने कहा कि जल्द विधिवत डीपीआर तैयार कर कांप्लेक्स को आधुनिक स्वरूप दिया जाएगा। साथ ही गाड़ियों की धुलाई के लिए वॉशिंग सेंटर और वार्ड नंबर एक में ग्रीन पार्क निर्माण का निर्णय लिया है।
पुराने शासनादेश के सर्किट रेट लागू होंगे
बैठक में तय किया कि सरकार की ओर से लालकुआं के लोगों को मालिकाना हक के शासनादेश में दर्ज सर्किल रेटों को पूर्व के शासनादेश के अनुरूप लागू करने का निर्णय लिया गया। साथ ही नगर में बाईपास निर्माण हेतु प्रस्ताव पारित किया गया। बैठक के दौरान नगर में दो भव्य एलईडी विज्ञापन लगाने का निर्णय लिया। क्षेत्रवासियों की समस्याओं को देखते हुए अगले माह से हाट बाजार खोलने का निर्णय लिया गया। इस दौरान कुल 36 प्रस्ताव पारित किए गए। बैठक में अधिशासी अधिकारी राजू नबियाल, सभासद दीपक बत्रा, धन सिंह बिष्ट, हेमंत पांडे, राजलक्ष्मी पंडित, रंजू देवी, नामित सभासद संजय अरोरा, लिपिक दीप चंद्र लोहनी आदि मौजूद थे।