जिला क्रीड़ा संघ और जिमखाना क्लब के सहयोग से अमर उजाला प्रायोजित 94वीं अखिल भारतीय ट्रेड्स कप हॉकी प्रतियोगिता में रविवार को तीन मैच खेले गए। इनमें शाहजहांपुर, पूरनपुर और पीलीभीत ने अपने-अपने मैच जीतकर प्रतियोगिता के अगले दौर में जगह बनाई। रविवार होने के कारण मैच देखने के लिए डीएसए मैदान में काफी भीड़ रही।
शाहजहांपुर ने 4-1 से जीता मैच
रविवार को प्रिंस स्पोर्टिंग क्लब शाहजहांपुर और रोहिला टाइगर रामपुर के बीच मुकाबला हुआ। पहले हाफ से ही शाहजहांपुर 3-0 से बढ़त बनाए हुए थी। खेल के दूसरे मिनट में राजेंद्र, 15वें मिनट में सुमित और 25वें मिनट में आदित्य ने गोल मारा। मध्यांतर बाद शाहजहांपुर से 31वें मिनट में सुमित ने फिर गोल किया। जबकि रामपुर से एकमात्र गोल 52वें मिनट में नदीम ने किया। इस तरह शाहजहांपुर ने यह मैच 4-1 से जीत लिया।
पूरनपुर ने हल्द्वानी को हराया
प्रतियोगिता का दूसरा मैच डायमंड हॉकी क्लब पूरनपूर और हल्द्वानी इलेवन के बीच खेला गया। मध्यांतर तक पूरनपुर की टीम 2-0 से बढ़त बनाए हुए थी। टीम के लिए 13वें मिनट में पहला गोल चंदू और 19वें मिनट में पंकज ने दूसरा गोल किया। मध्यांतर बाद हल्द्वानी से सावन आजाद ने गोल कर बढ़त को कम किया। इस तरह पूरनपुर ने 2-1 से मैच जीता।
पीलीभीत ने बहराइच को 4-1 से हराया
तीसरे मैच में डीएचए बहराइच और कोहिनूर हाकी क्लब पीलीभीत की टीमें आमने-सामने थीं। मध्यांतर तक स्कोर 1-1 से बराबरी पर था। पीलीभीत की ओर से 12वें मिनट में शिवम और बहराइच से 24वें मिनट में इमरान ने गोल किया। मध्यांतर बाद पीलीभीत से 34वें और 50वें मिनट में उवेश और 57वें मिनट मेें काशिम ने गोल मारा। इस प्रकार पीलीभीत ने 4-1 से मैच जीता। अंपायर मंजुल प्रकाश सनवाल, सीएल साह, अमित कुमार व ललित साह थे। तकनीकी समिति में दीपक साह, रोहित साह और तकनीकी निदेशक अहमद सिद्दीकी थे।
आज के मुकाबले
- 3.30 चैंपियन बजे से चैंपियन हाकी क्लब रामपुर बनाम कोहिनूर हाकी क्लब पीलीभीत
- 4.45 बजे से मेवाड़ यूनाइटेड उदयपुर बनाम रानीखेत इलेवन।