हल्द्वानी। ग्रामीण क्षेत्रों में सिंचाई नहर से आ रहे झागयुक्त पानी से फसलों को हो रहे नुकसान की शिकायत के बाद सिंचाई विभाग और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने पानी के सैंपल लिए हैं। इन्हें जांच के लिए देहरादून भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई होगी।
पिछले दिनों देवलचौड़, आनंदपुर, फुटकुआं आदि के ग्रामीणों ने डीएम को ज्ञापन देकर नहर में आ रहे झागयुक्त पानी की जांच कराने की मांग की थी। ग्रामीणों की शिकायत पर सिंचाई विभाग ने नहर के आसपास मौजूद सर्विस सेंटरों को नोटिस भी जारी किए थे। सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता दिनेश सिंह ने बताया कि सिंचाई विभाग और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने देवलचौड़, हुंडई शोरूम और फुटकुआं क्षेत्र से नहर के पानी के सैंपल लिए हैं।
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी अनुराग नेगी ने बताया कि सिंचाई विभाग की शिकायत पर नहर के पानी जांच कराई गई है। नहर के पानी के सैंपल जांच के लिए देहरादून भेजे गए हैं। रिपोर्ट दस दिन में मिलेगी।