पिथौरागढ़/चंपावत। जिलाधिकारी डॉ विजय कुमार जोगदंडे ने आठ फरवरी से शुरू हो रहे द्वितीय चरण के टीकाकरण के लिए टीका केंद्रों का निरीक्षण किया। द्वितीय चरण के टीकाकरण में फ्रंट लाइन में कार्य करने वाले विभिन्न विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों, पुलिस, होमगार्ड, पीआरडी जवान और शिक्षकों का टीकाकरण किया जाएगा।
रविवार को जिलाधिकारी ने द्वितीय चरण के लिए बनाए गए टीकाकरण केंद्र कलक्ट्रेट, विकास भवन, पुलिस लाइन का निरीक्षण किया। द्वितीय चरण के टीकाकरण कार्यक्रम की तैयारियों की जानकारी के साथ ही टीकाकरण केंद्रों में तैयारियों का जायजा लिया। सोमवार को कलक्ट्रेट में कोविड-19 टीकाकरण का शुभारंभ जिलाधिकारी करेंगे। सीएमओ डॉ.एचसी पंत ने बताया कि प्रथम चरण के अंतर्गत कोविड-19 टीकाकरण कार्यक्रम जिले में जारी है। उन्होंने बताया कि जिले में कुल 3343 स्वास्थ्य कर्मियों का प्रथम टीकाकरण हो गया है। द्वितीय चरण के टीकाकरण के लिए तीन नए केंद्र बनाए गए हैं।
साथ ही जिले के अन्य 7 चिकित्सालयों में टीकाकरण केंद्र बनाए गए हैं। इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. सौरभ गहरवार, अपर जिलाधिकारी आरडी पालीवाल, जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी, एसीएमओ मदन बोनाल आदि मौजूद रहे।
चंपावत में सीएमओ डॉ. आरपी खंडूरी ने बताया कि टीकाकरण के दूसरे चरण में सात (चंपावत जिला अस्पताल, लोहाघाट उप जिला अस्पताल, टनकपुर उप जिला अस्पताल, एनएचपीसी बनबसा, चंपावत कोतवाली, चंपावत एसएसबी कैंप और आइटीबीपी लोहाघाट) जगह 700 लोगों का टीकाकरण होगा। इन केंद्रों में पुलिस, एसएसबी, सीआईएसएफ, आईटीबीपी, राजस्व कर्मियों का टीकाकरण होगा।