रामनगर। तराई पश्चिमी वन प्रभाग में कार्यरत एक उपप्रभागीय वनाधिकारी के खिलाफ विभाग के ही कर्मचारियों ने मोर्चा खोल दिया है। कर्मचारियों ने एसडीओ पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए डीएफओ कार्यालय में डीएफओ कहकशां नसीम का घेराव कर उन्हें ज्ञापन सौंपा।
वन फील्ड अधिकारी कर्मचारी महासंघ उत्तराखंड के प्रांतीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष संजय पांडे के नेतृत्व में डीएफओ को सौंपे ज्ञापन में कहा गया है कि विभाग में कार्यरत एक एसडीओ द्वारा उप वन प्रभाग के फील्ड कर्मचारियों का उत्पीड़न करने के साथ ही कर्मचारियों के साथ अभद्रता की जाती है।
उन्होंने डीएफओ से कर्मचारियों के हित में एसडीओ के तबादले की मांग की। डीएफओ कहकशां नसीम ने मामले में उच्चाधिकारियों से वार्ता करने का आश्वासन दिया। वहीं कर्मचारियों ने कार्रवाई नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। इस दौरान कुमाऊं मंडल उपाध्यक्ष शेखर चंद्र तिवारी, विरेंद्र प्रसाद पांडे, जमन सिंह मावड़ी, बृजमोहन सिंह रावत, भुवन चंद्र सती, अनिल चौहान, भगवत प्रसाद पंत, विजेंद्र अधिकारी आदि थे।