हल्द्वानी। डीएम वंदना ने शुक्रवार को पसोली-ओखलढूगा-हैड़ाखान-स्यूड़ा-साननी-खन्स्यू -पतलोट-अघौड़ा-मिडार मार्ग का निरीक्षण किया। डीएम ने मानसून से पहले लोनिवि को झाड़ी कटान, नालियों की सफाई के निर्देश दिए। सभी एसडीएम अपने क्षेत्रों में झाड़ी कटान, नाली, कल्वर्ट, कॉजवे सफ़ाई का निरीक्षण कर रिपोर्ट देंगे।
शुक्रवार को पनियाबोर में ग्रामीणों ने डीएम को बताया कि दो गधेरों के जल प्रवाह से भू-कटाव हो रहा है, जिससे भूस्खलन का खतरा है। ऐसे में गांव का अस्तित्व खतरे में पड़ सकता है। डीएम ने भूवैज्ञानिक और सिंचाई विभाग को संयुक्त रूप से गधेरे व क्षेत्र का सर्वे करने के निर्देश दिए। उन्होंने समस्या के निदान के लिए दीर्घकालिक योजना बनाने को कहा। ओखलढूंगा में ग्रामीणों ने बताया कि स्वास्थ्य केंद्र में एक फार्मासिस्ट की तैनाती है, जो दो बजे तक उपलब्ध रहते है। बरसात में मार्ग बंद हो जाने से आपात समय में क्षेत्रवासियों को उपचार के लिए हल्द्वानी जाना पड़़ता है। जिलाधिकारी ने सीएमओ को मानसून सीजन में ओखलढूंगा स्वास्थ्य केंद्र में सुविधाएं बढ़ाने को कहा। हैड़ाखान मार्ग बंद होने पर लोग रौशिल और विजयपुर-पहाड़पानी मार्ग का उपयोग करते है। इन मार्गों के सुधारीकरण का आकलन तैयार करने के निर्देश लोनिवि के अधिशासी अभियंता को दिए।
संशोधित प्रस्ताव बनाने के निर्देश
हल्द्वानी। काठगोदाम-हैड़ाखान मोटर मार्ग पर पसौली के पास निरीक्षण के दौरान डीएम ने क्षतिग्रस्त मार्ग के सुधारीकरण के लिए केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्रालय को पूर्व में भेजे गये प्रस्ताव के संबध में लोनिवि को डीएफओ के साथ संयुक्त रूप से सर्वे कर पुनः संशोधित प्रस्ताव बनाने के निर्देश दिए। बीते दिनों डालकन्या में कार दुर्घटना में 10 लोगों की मौत पर जिलाधिकारी ने कहा कि उन परिवारों को हर सम्भव आर्थिक सहायता दी जायेगी। प्रभावित परिवार के लोगों को स्वरोजगार से जोड़ने की बात कही, जिस पर दो परिवारों ने बकरी पालन एवं मछली पालन पर सहमति दी।