खैरना पुल में शुक्रवार की शाम स्कूटर में आग लगने से स्कूटर जलकर खाक हो गया। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BHIMTAL
गरमपानी (नैनीताल)। खैरना पुल पर शुक्रवार की शाम करीब तीन बजे एक स्कूटर में आग लग गई। देखते ही देखते स्कूटर पूरी तरह जलकर खाक हो गया। स्कूटर (यूए 04ए 4290) स्वामी इस्ताक धनियाकोट की तरफ से खैरना बाजार की ओर आ रहे थे। तभी अचानक खैरना पुल पर स्कूटर बंद हो गया। फिर से शुरू करने के दौरान स्कूटर के पिछले हिस्से में आग लग गई। इससे पहले वह कुछ समझ पाते आग काफी बढ़ गई। हादसे में वह बाल-बाल बच गए। राहगीरों ने आसपास से पानी का इंतजाम कर किसी तरह आग पर काबू पाया। महज आधे घंटे में ही स्कूटर पूरी तरह जलकर खाक हो गया। आग बुझाने के बाद राहगीरों ने स्कूटर को सड़क किनारे किया और यातायात सुचारु हुआ। बताया जा रहा है कि स्कूटर काफी पुराना था और उसकी हालत भी जर्जर ही थी। संवाद