देवलचौड़ सरकारी स्कूल की चहारदीवारी समेत दूसरे निर्माण कार्य तीन महीने बाद भी नहीं हो सके हैं। पिछले वर्ष अक्तूबर महीने में कुछ अराजक तत्वों ने प्राइमरी पाठशाला की कक्षा में आग लगा दी थी, जिसके कारण बच्चों की किताबों समेत काफी सामान जल गया था। 24 अक्तूबर को डीएम दीपेंद्र कुमार चौधरी स्कूल पहुंचे थे और आगजनी के मामले में कार्रवाई न करने पर चौकी पुलिस को लताड़ लगाई थी।
निरीक्षण के समय स्कूल की चहारदीवारी की ऊंचाई कम होने समेत कई समस्याओं के निस्तारण के लिए डीएम ने पांच लाख रुपये देने की घोषणा की थी। बच्चोें को उम्मीद थी कि अराजक तत्वों की हरकतों से उन्हें जल्द निजात मिल जाएगी मगर तीन महीने पूरे होने के बाद भी समस्या जस की तस बनी हुई है।
मैंने क्षतिग्रस्त चहारदीवारी की मरम्मत, फर्श और सेफ्टिक टैंक के निर्माण के लिए पांच लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत कर दी थी। इसके लिए लोनिवि के निर्माण खंड हल्द्वानी के अधिशासी अभियंता को दो जनवरी को आदेश भी जारी किए जा चुके हैं। अगर इसके बाद भी अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है तो अधिशासी अभियंता से जवाब तलब किया जाएगा।
- दीपेंद्र कुमार चौधरी, जिलाधिकारी