एसबीआई मुख्य ब्रांच को सोमवार को भी कैश नहीं मिला। एक हफ्ता पूर्व मिले कैश से काम चलाया जा रहा है। एसबीआई को अभी तक पांच सौ का नोट नहीं मिल पाया है। बैंक सूत्रों के मुताबिक हर हफ्ते लोग खाते से 24 हजार रुपए निकाल रहे हैं।
यह मात्र हड़बड़ी है और बेमतलब पैनिक क्रिएट किया जा रहा है। लोगों के पास गया कैश बाजार में रन कर रहा है। लेकिन, दुकानदार दो हजार के नोट पर दो सौ, ढाई सौ का सामान देने में कतरा रहे हैं। हालांकि जिन्हें कारोबार करना है, वह दो हजार रुपए का नोट भी तोड़ रहे हैं।
एसबीआई के मुख्य प्रबंधक आरके गोयल ने बताया कि आरबीआई को कैश की डिमांड भेजी जाती है। पैसा कब पहुंचेगा, उसकी जानकारी बैंक अधिकारियों को भी कैश पहुंचने से मात्र एक घंटा पहले मिलती है। उन्होंने बताया कि लोग वेतन, पेंशन आदि भत्तों के लिए आ रहे हैं।
एटीएम में पैसा डालने के कुछ ही घंटों में समाप्त हो जा रहा है। उन्होंने कहा कि अभी एक-दो हफ्ते की और दिक्कत है। फिलहाल बैंक के ग्राहकों को उनके खातों से पैसा दिया जा रहा है। अन्य ब्रांचों को पैसा देने के लिए आरबीआई से कैश मिलने का इंतजार है।
कोआपरेटिव बैंक को किसी भी चेस्ट से नहीं मिली करेंसी
नैनीताल डिस्ट्रिक्ट कोऑपरेटिव बैंक प्रबंधक डॉ. वाईसी लोहनी ने बताया कि उनकी शाखा को सोमवार को किसी भी चेस्ट ब्रांच से कैश नहीं मिला। बैंक ने 22 लाख रुपए रामनगर की शाखा और 20 लाख रुपए नैनीताल शाखा से मंगाकर अन्य ब्रांचों को भी भेजे और मेन ब्रांच का काम भी चलाया।
उन्होंने कहा कि पूर्व में एसबीआई ने प्रतिदिन एक करोड़ रुपए देने की बात कही थी। 24 और 25 नवंबर को एक-एक करोड़ रुपए दिए भी गए। लेकिन, अब एसबीआई के पास भी कैश नहीं आने से दिक्कतें हो रही हैं।
उन्होंने बताया कि बैंक ग्राहकों को चार हजार रुपए से से अधिक धनराशि नहीं दे पा रहे हैं। बैंक के सचिव/ महाप्रबंधक बीसी पांडेय ने बताया कि आरबीआई से लगातार संपर्क किया जा रहा है।
पीएनबी को भी नहीं मिली करेंसी
पीएनबी के प्रबंधक सुनील टम्टा ने बताया कि आरबीआई से एक सप्ताह पूर्व करेंसी मिली थी। इसमें कुछ पांच सौ की गड्डियां भी थीं। बैंक को पूरे कुमाऊं की व्यवस्था करनी पड़ रही है, जिस वजह से कैश का संकट बना है।
ग्राहकों को पांच-दस हजार रुपए ही दे पा रहे हैं। कैश की शार्टेज होने के कारण अन्य ब्रांचों को पैसा नहीं दे पा रहे हैं। उन्होंने बताया कि आरबीआई से कैश की डिमांड की गई है। कैश कब तक आएगा, इसकी कोई जानकारी नहीं है। कैश आते ही संकट खत्म हो जाएगा। पीएनबी के एटीएम भी रोज की तरह चल रहे थे।