एक युवक द्वारा लकड़ी को नये साल का शुभकामना संदेश पत्र भेजना उसके और उसके पिता के लिए काफी महंगा साबित हो गया। लड़की पक्ष के आधा दर्जन से अधिक लोगाें ने पिता-पुत्र पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया।
आननफानन में दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने पिता को मृत घोषित कर दिया जबकि पुत्र की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस के मुताबिक प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने दो मुख्य आरोपी समेत कई लोगों को हिरासत में लेकर घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया है।
सोमवार को पूछड़ी गांव में एक युवती को नये साल के शुभकामना संदेश पत्र देने पर युवती के परिजनों का पारा चढ़ गया। युवती के परिजनों को दोपहर करीब तीन बजे निजाम (25) पुत्र सलाउद्दीन निवासी बिहारी टपरा पूछड़ी गांव आता दिखा तो उन्होंने पत्र के बारे में पूछताछ की।
निजाम के मना करने पर देखते ही देखते युवती के परिजनों ने अपने अन्य लोगों को भी बुलवा लिया। विवाद इतना बढ़ गया कि युवती के पक्ष वालों ने निजाम की पीठ पर चाकू से प्रहार कर दिया। तभी वहां पहुंचे निजाम के पिता सलाउद्दीन ने बीचबचाव का प्रयास किया।
इस पर हमलावरों ने सलाउद्दीन के पेट में ताबड़तोड़ चाकू से वार कर दिया। बीचबचाव में आए एक युवक अफजाल पर हमलावरों ने पत्थरों से हमला कर उसे भी घायल कर दिया। हमलावरों का चाकू सलाउद्दीन के पेट में फंसने पर वे मौके से फरार हो गए।
आननफानन में आसपास के लोगों ने पिता-पुत्र को अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने सलाउद्दीन को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल निजाम को प्राथमिक इलाज के बाद रेफर कर दिया गया।
वहीं अफजाल को प्राथमिक इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मुख्य हमलावर तौफिक और तौसिफ समेत अन्य कुछ लोगों को हिरासत में लेते हुए घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया है।
मामले में सीओ मिथिलेश कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग का प्रतीत हो रहा है। हिरासत में लिए गए युवकों से पूछताछ जारी है। मृतक के परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाएगा।