हल्द्वानी। यूनिवर्सल कॉन्वेंट स्कूल में चल रही यूनिवर्सल कप अंतर विद्यालयी वॉलीबाल प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबलों में बालक वर्ग में सरस्वती स्कूल और बालिका वर्ग में यूनिवर्सल स्कूल कालाढूंगी की टीम ने विजेता ट्रॉफी अपने नाम की। वॉलीबाल प्रतियोगिता में हल्द्वानी, भीमताल, रामनगर क्षेत्र के स्कूलों की लगभग 70 टीमों ने प्रतिभाग किया। ।
बालक वर्ग के फाइनल मुकाबले में सरस्वती स्कूल ने यूनिवर्सल स्कूल की टीम को 25-17, 25-19 और 25-18 से पराजित कर ट्रॉफी अपने नाम की। वहीं बालिका वर्ग के फाइनल मुकाबले में यूनिवर्सल स्कूल कालाढूंगी की टीम ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए यूनिवर्सल स्कूल हल्द्वानी की टीम को 25-14 और 26-24 से शिकस्त देकर यूनिवर्सल कप पर कब्जा कर लिया। बेस्ट प्लेयर के खिताब से लकी नेगी और गीता डांगी को नवाजा गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंध निदेशक सुनील जोशी, प्रधानाचार्या मंजू जोशी, मोहन चंद्र जोशी, समिट टिक्कू आदि मौजूद रहे।