भवाली-अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग में रविवार की शाम रातीघाट के पास पर्यटकों की आई टेन कार खाई में गिर गई। हादसे में कार सवार चार सैलानी घायल हो गए। सीएचसी खैरना में प्राथमिक इलाज के बाद दो लोगों को हल्द्वानी भेजा गया।
नैनीताल से कौसानी की ओर जा रही सैलानियों की आई टेन कार संख्या यूके 08 एन-5568 जैसे ही रातीघाट के पास पहुंची ही थी कि असंतुलित होकर लगभग दो सौ मीटर गहरी खाई में जा गिरी। लोगों ने किसी तरह सैलानियों को खाई से बाहर निकालकर इलाज के लिए निजी वाहन से सीएचसी खैरना पहुंचाया।
घायलों में गौरव यादव (27) पुत्र देवकरन यादव निवासी मुलकता जिला मुरादाबाद यूपी, नवनीत यादव (37) पुत्र महावीर सिंह, रानी यादव (25) पत्नी नवनीत यादव निवासी धौलागड़ जिला बिजनौर यूपी और रोहित शर्मा (25) पुत्र राधेलाल शर्मा निवासी धनौरीमाफी, जिला अमरोहा शामिल हैं।
सीएचसी खैरना से गौरव और रानी को हल्द्वानी भेजा गया। पुलिस के मुताबिक कार को नवनीत चला रहा था। हादसे का कारणों का पता नहीं चल सका है।