फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एससीएसटी मामले में आरोपी महिला की गिरफ्तारी न होने से नाराज आरपीआई नेता के आत्मदाह के प्रयास से बखेड़ा

Thu, 27 Aug 2020 12:56 PM IST
हल्द्वानी ब्यूरो न्यूज़ डेस्क, अमर उजाला, हल्द्वानी
विज्ञापन
हल्द्वानी बुधपार्क में रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया के प्रदेश अध्यक्ष यशपाल आर्य द्वारा आत्मदाह - फोटो : HALDWANI
विज्ञापन

एससीएसटी मामले में आरोपी महिला की गिरफ्तारी न होने से नाराज आरपीआई (ए) के प्रदेश अध्यक्ष जसपाल आर्या के बुद्ध पार्क में आत्मदाह के प्रयास से बखेड़ा हो गया। पुलिस ने उन्हें दबोचकर हिरासत में ले लिया तो छोड़ने की मांग पर पार्टी से जुड़े लोगों ने हाईवे पर जाम कर दिया। गुस्साए लोग जुलूस निकालकर कोतवाली थाने के सामने पहुंचे और प्रदर्शन करने लगे। देर शाम कोतवाली पुलिस ने जाम को लेकर 48 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

विज्ञापन


जसपाल आर्या के आह्वान पर लालकुआं में एससीएसटी मामले में चंपा उर्फ गुड्डू पांडे की गिरफ्तारी न होने पर बुद्ध पार्क में धरना दिया जा रहा था। लोगों का आरोप था कि राजीव नगर बिंदुखत्ता में विजय टम्टा मकान बनाना चाहते थे, लेकिन चंपा ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गाली गलौज की और मकान नहीं बनाने की चेतावनी दी।

लोगों का आरोप था कि 17 अगस्त को मुकदमा दर्ज होने के बाद भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इस बीच जसपाल उठे और आत्मदाह करने की बात कहने लगे। इस पर पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। धक्कामुक्की में भोटिया पड़ाव चौकी प्रभारी की वर्दी फट गई। नेम प्लेट गिर गया। पुलिस जसपाल को पकड़कर कोतवाली ले लाई।
विज्ञापन


अपने नेता के पकड़े जाने के विरोध में पार्टी के लोगों ने तिकोनिया चौराहे पर चक्का जाम कर दिया। पुलिस ने बल प्रयोग कर लोगों को हटाया और आवागमन बहाल किया। इसके बाद थाने के गेट पर प्रदर्शन और नारेबाजी की। थाने में एसपी सिटी अमित श्रीवास्तव और सीओ शांतनु पाराशर भी पहुंच गए।

पुलिस ने गौलापार बाघजाला निवासी जसपाल को शांति भंग की आशंका में गिरफ्तार कर लिया। आंदोलन में आरपीआई के प्रदेश संगठन मंत्री जीवन लाल आर्या, महिला प्रदेश अध्यक्ष ऊषा, अरविंद, कैलाश, राष्ट्रीय नाग संघ के राष्ट्रीय महासचिव नवीन मूल निवासी आदि मौजूद थे।

विज्ञापन

अलग-अलग धाराओं में मुकदमे दर्ज

भोटिया पड़ाव चौकी प्रभारी प्रताप सिंह नगरकोटी ने बताया कि बुद्ध पार्क में सोशल डिस्टेसिंग का उल्लंघन, मास्क नहीं पहनने के मामले में धारा 269, 270, 51 बी के तहत 28 नामजद और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

तिकोनिया पर हाईवे जाम और सराकारी कार्य में बाधा डालने के मामले में 186, 332, 147, 7 क्रिमिनल लॉ एमेंडमेंट एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। इसी प्रकार बिना अनुमति जुलूस निकालना और आत्मदाह के प्रयास के मामले में भी मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

चार्जशीट दायर है तो गिरफ्तारी कैसे होगी

एसपी सिटी अमित श्रीवास्तव ने बताया कि बिंदुखत्ता मामले में जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने पर पुलिस ने चंपा उर्फ गुड्डू पांडे के खिलाफ एससीएसटी के तहत मुकदमा दर्ज किया है। चूंकि सात साल से कम अवधि की सजा वाले मुकदमे में गिरफ्तारी नहीं हो सकती है। इस कारण चंपा के खिलाफ पुलिस ने चार्जशीट लगाई है। पुलिस ने सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के मद्देनजर कार्रवाई की है।

अंबेडकर मिशन एंड फाउंडेशन का धरना खत्म

इसी मामले को लेकर डॉ. अंबेडकर मिशन एंड फाउंडेशन की ओर से 20 अगस्त से बुद्ध पार्क में चल रहा धरना बुधवार को समाप्त कर दिया गया। बताया गया कि उच्च न्यायालय में वाद दायर होने के कारण धरना खत्म किया जा रहा है। इस मौके पर प्रांतीय अध्यक्ष जीआर टम्टा, सुंदर लाल बौद्ध, गोविंद गौतम, संजय बघरवाल, हरीश लोधी, बालकिशन, जीआर आर्या, सूरज कुमार, बीएल आर्या आदि मौजूद थे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें