गरमपानी (नैनीताल)। कैंची धाम क्षेत्र में शनिवार और रविवार को रूट डायवर्ट करने से खैरना और गरमपानी के व्यापारियों में आक्रोश है। सोमवार को व्यापार मंडल अध्यक्ष नीरज जलाल के नेतृत्व में व्यापारियों ने कैंची धाम की एसडीएम मोनिका से रूट डायवर्ट से हो रही समस्याओं पर चर्चा की। उन्होंने एसडीएम के माध्यम से डीएम को ज्ञापन भेजा।
उन्होंने कहा कि पिछले एक साल से लगातार रूट डायवर्ट के कारण गरमपानी, खैरना और छड़ा बाजारों का व्यापार प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि शनिवार और रविवार को ही व्यापार का मुख्य समय होता है। अल्मोड़ा, रानीखेत, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जाने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से भेजे जाने के कारण बाजारों में ग्राहकों की आवाजाही बेहद ही कम हो रही है। इससे व्यापारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। कई बार तो यातायात सामान्य होने के बावजूद रूट डायवर्ट लागू कर दिया जाता है। इससे आम जनता को लंबी दूरी तय करने के साथ अतिरिक्त किराया भी देना पड़ता है। व्यापारियों का कहना है कि रूट डायवर्ट केवल अधिक जाम की स्थिति में ही लागू करने के साथ यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाए। इस दौरान प्रहलाद खत्री, मनोहर सिंह बिष्ट, बसंत गोस्वामी, आशीष पांडे नवल बिष्ट, दिनेश पलड़िया, महेंद्र नेगी मौजूद रहे।