गरमपानी/हल्दूचौड़ (नैनीताल)। अल्मोड़ा हाईवे स्थित नावली के पास कोसी नदी में शनिवार को नहाते समय डूबे युवक का शव चार दिन बाद घटनास्थल से दो किमी दूर मिला। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
खैरना चौकी प्रभारी आशा बिष्ट ने बताया कि कोसी में शनिवार को डूबे हल्दूचौड़ निवासी रोहित कुमार का शव मंगलवार दोपहर को चमड़िया के पास एसडीआरएफ की टीम को मिला। चार दिन पानी में रहने से शव फूल चुका था। इस दौरान सिपाही राजेंद्र गोस्वामी, हर्षवर्धन और एसडीआरएफ टीम के एसआई चंदन सिंह, जितेंद्र गिरी, दीप चंद्र सती, प्रदीप मेहता, सुरेंद्र कुमार, चंदन सिंह, कैलाश राम, अजीत सिंह, दीपक बवाडी, चंदन सिंह आदि मौजूद रहे।
वहीं जब रोहित का शव उसके घर ग्राम पंचायत गंगापुर कबडवाल के बच्ची नवाड़ लाया गया तो उसकी मां कलावती देवी बेहोश हो गई, जिन्हें महिलाओं ने किसी तरह से संभाला। रोहित के पिता चंद्र प्रकाश भी फफक पड़े। इसके बाद मंगलवार की शाम को रोहित का अंतिम संस्कार कर दिया गया।