हल्द्वानी। उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन की कुमाऊं मंडल की बैठक में कर्मचारियों ने चार महीने का वेतन जारी करने की मांग उठाई है।
शुक्रवार को बस अड्डे स्थित कार्यालय में प्रांतीय अध्यक्ष कमल पपनै की अध्यक्षता में हुई बैठक में संगठन की मजबूती और सदस्यता बढ़ाने पर जोर दिया गया। प्रदेश महामंत्री अशोक चौधरी ने वेतन संबंधी मामले को लेकर चल रही कार्रवाई के बारे में जानकारी दी।
कहा कि उत्तरप्रदेश से परिसंपत्ति बंटवारे में उत्तराखंड परिवहन निगम को जल्द ही 28 करोड़ की एक किस्त मिलने की उम्मीद है। उन्होंने विशेष श्रेणी/संविदा कर्मचारियों के आईकार्ड शीघ्र जारी करने, चालक/परिचालकों का बोनस देने समेत अन्य मांगें रखीं। वक्ताओं ने डिपो में खराब पड़े सीसीटीवी ठीक करने, चालकों से डीजल औसत के नाम पर रिकवरी न करने का मुद्दा उठाया। बैठक का संचालन क्षेत्रीय अध्यक्ष एलडी पालीवाल ने किया किया।
बैठक में केपी सिंह, जितेंद्र कुमार, बलदेव सिंह, हरीश जोशी, प्रदीप शर्मा, जलील अहमद, ओमप्रकाश, आनंद बिष्ट, रंजीत राणा, गोपेश्वर श्रीवास्तव, सतनाम सिंह, जमील खां, कैलाश कांडपाल, संदीप बिष्ट, लक्ष्मण अधिकारी, मनोज भट्ट, जमालुद्दीन आदि मौजूद थे।