हल्द्वानी। कांवड़ यात्रा के चलते दिल्ली, देहरादून का रूट सबसे अधिक प्रभावित है। कांवड़ के चलते बसें पांच से छह घंटे जाम में फंस रही हैं। जाम और यात्री नहीं मिलने के कारण रोडवेज ने दिल्ली, देहरादून सहित कई रूटों पर 20 बसें नहीं भेजी।
कांवड़ यात्रा के कारण हल्द्वानी से होकर दिल्ली जाने वाली बसों का रूट रुद्रपुर से ही डायवर्ट किया जा रहा है। सोमवार को शिवालय में जल चढ़ाने के लिए कांवड़िए मंदिरों में पहुंचने लगे हैं। इस कारण दिल्ली रूट पर जाम की स्थिति बन रही है। बसों को रुद्रपुर से ही घुमाकर वाया धामपुर भेजा जा रहा है। इस कारण न तो बसें समय पर दिल्ली पहुंच रही हैं और न ही हल्द्वानी पहुंच पा रही हैं।
वहीं यात्रियों की संख्या भी बेहद कम हो गई है। इन दिनों रोडवेज को आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है। एआरएम सुरेंद्र बिष्ट ने बताया कि बसें चार से छह घंटे देरी से आ रही हैं और सवारियां भी नहीं है। इस कारण रविवार को हल्द्वानी और काठगोदाम डिपो ने दिल्ली सहित अन्य रूटों की 20 बसों को नहीं भेजा।