शहर में सड़कों के किनारे अब कूड़ेदान नजर नहीं आएंगे। नगर निगम 16 जगहों पर अंडर ग्राउंड डस्टबिन लगाने जा रहा है। शनिवार को डस्टबिन लगाने के लिए टेंडर खोले जाएंगे।
हुडको से वित्तपोषित योजना में शहर को कूड़ा मुक्त बनाने के लिए 80 लाख का बजट स्वीकृत है। इसी प्रोजेक्ट में अंडर ग्राउंड डस्टबिन लगाए जाने हैं।
शहर में कूड़ा सबसे बड़ी समस्या है। बरेली रोड मंडी से लेकर काठगोदाम तक जगह-जगह सड़कों के किनारे कूड़ेदान रखे गए हैं। कूड़ेदान की नियमित सफाई नहीं होने से कूड़ा सड़क पर गिरता है। आवारा जानवर उसे फैला देते हैं, जिससे दुर्गंध उठती है।
अक्सर कूड़ेदान से टकराकर दुर्घटनाएं होती हैं। इन दुर्घटनाओं में कई बाइक सवार युवकों की मौत तक हो चुकी हैं। शहर को कूड़ा मुक्त करने के लिए नगर निगम अंडर ग्राउंड डस्टबिन लगाने जा रहा है। इसके लिए टेंडर आमंत्रित किए हैं। तीन कंपनियों ने टेंडर में प्रतिभाग किया है। शनिवार को टेंडर खुलने के बाद कंपनी से अनुबंध हो जाएगा।
मेयर डा. जोगेंद्र सिंह रौतेला के मुताबिक शहर में साल भर पूर्व करीब छह जगहों पर अंडर ग्राउंड डस्टबिन लगाए गए हैं। उनका सफल संचालन हो रहा है, जिसके लिए भारत सरकार से हल्द्वानी नगर निगम को सम्मान भी मिल चुका है।
मेयर के मुताबिक दूसरे चरण में अंडर ग्राउंड डस्टबिन के लिए 16 स्थान चिह्नित कर लिए हैं। डस्टबिन से कूड़ा उठाने के लिए कांपेक्टर वाहन की भी खरीद की जाएगी। दो महीने में अंडर ग्राउंड डस्टबिन लगाने का काम पूरा हो जाएगा।
यहां लगेंगे डस्टबिन
रानीबाग, नारीमन चौराहा, निर्मला स्कूल, पुरानी चुंगी काठगोदाम, हाइडिल गेट, सरना कोटी, सुभाष नगर, नवाबी रोड, आवास विकास, फोरेस्ट कालोनी, केनाल रोड कालोनी, रामपुर रोड, तल्ला गोरखपुर, आनंद बाग, मुखानी, दुर्गा सिटी सेंटर, बनभूलपुरा, शारदा देवी स्कूल केेनाल रोड, श्यामा गार्डन, उजाला नगर, पटेल चौक, टेलीफोन कालोनी, सौरभ होटल के पास और घास मंडी।
टेंडर प्रक्रिया के बाद अनुबंध शर्त के मुताबिक कंपनी को दो महीने में डस्टबिन लगाने होंगे। निर्धारित समय में काम पूरा नहीं होने पर कंपनी के भुगतान में 0.5 फीसदी बतौर पेनल्टी कटौती की जाएगी। अंडर ग्राउंड डस्टबिन लगने से सड़कों पर गंदगी नहीं फैलेगी ।
- डा. जोगेंद्र रौतेला, मेयर