सड़क मार्ग के निर्माण से तितोली गांव की एक हजार की आबादी को सीधा लाभ मिलेगा।
- फोटो : अमर उजाला
कैंची के समीपवर्ती तितोली गांव के लिए नए सड़क मार्ग का निर्माण किया जाएगा। इससे एक हजार की आबादी लाभान्वित होगी।
बता दें कि कैंची से होते हुए एक मार्ग हरतपा एवं हली गांव की ओर जाता है। इसी मार्ग पर कैंची से करीब चार किमी आगे से एक चार किमी का कच्चा मार्ग है जो तितोली के लिए जाता है। लंबे समय से ग्रामीणों की ओर से मार्ग निर्माण की मांग की जाती रही है। लोनिवि की ओर से इसका प्रस्ताव बनाकर भेजा गया। लोनिवि के एई पीसी उप्रेती ने बताया कि इसके लिए शासन से तीन करोड़ 19 लाख 88 हजार रुपये स्वीकृत हुए हैं। इससे उक्त मार्ग की सुरक्षा दीवार समेत डामरीकरण किया जाना है।
कैबिनेट मंत्री ने किया डामरीकरण का निरीक्षण
कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने सोमवार को तल्ला रामगढ़ से झूतिया-हली-कैंची धाम मोटर मार्ग पर हो रहे डामरीकरण के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। कैड़ा ने अधिकारियों और ठेकेदार से गुणवत्ता के साथ सड़क पर डामर करने के निर्देश दिए। कैड़ा ने कहा कि सड़क के लंबे समय से जर्जर होने के चलते वाहन चालकों, यात्रियों, किसानों और ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। साथ ही कैंची धाम आने वाले सैलानी भी परेशान थे। कैड़ा ने कहा कि शासन में प्रस्ताव भेजने के बाद शासन से 5.28 करोड़ स्वीकृत होने के साथ निर्माण कार्य शुरु कर दिया है। इस दौरान मंडल अध्यक्ष अंकित पांडे, देवेंद्र बिष्ट आदि मौजूद रहे।