गरमपानी/हल्दूचौड़। बेतालघाट के शहीद श्री खेमचंद डौर्बी राजकीय महाविद्यालय में बुधवार को गढ़भोज दिवस और सूचना का अधिकार अधिनियम के 21 साल पूरे होने पर विभिन्न प्रतियोगिता आयोजित की गई। इस अवसर पर आयोजित निबंध प्रतियोगिता में रितिका गोस्वामी, निकिता बधानी व ममता बोहरा क्रमश: पहले तीन स्थानों पर रहीं जबकि पोस्टर स्पर्धा में मोनिका कश्मीरा प्रथम और निर्मला बिष्ट द्वितीय स्थान पर रहीं। वहां प्राचार्य डॉ सुनील कुमार मौर्य, डॉ ईप्सिता सिंह, ममता पांडे, डॉ. निर्मला, डॉ. जयति दीक्षित, डॉ. तरुण कुमार आर्य आदि थे। इधर, पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज दौलिया में बुधवार को प्रधानाचार्या डॉ. भारती नारायण भट्ट के निर्देशन में गढ़ भोज का आयोजन किया गया। छात्राओं ने मड़वे की रोटी, झंगुरे की खीर, रायता-आलू, भट की चुड़कानी और झोली समेत विभिन्न स्थानीय व्यंजनों के स्टॉल लगाए। वहां जया आर्या, कमला जोशी, अभिलाषा कीर्ति, देवश्री मनराल आदि थे।