रामनगर। पेट्रोल डीजल के दामों में हुई बढ़ोतरी ने ट्रैवल कंपनियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। एडवांस बुकिंग कर चुके पर्यटकों को पुराने रेट पर टैक्सी उपलब्ध कराई जा रही है। इससे टैक्सी संचालकों को नुकसान उठाना पड़ रहा है।
रामनगर के कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में हर साल लाखों की संख्या में पर्यटक भ्रमण के लिए आते हैं। ऐसे में अन्य राज्यों और देशों से आने वाले पर्यटक काफी समय पहले बढ़ी संख्या में टैक्सी की बुकिंग करते हैं। हाल ही बढ़े पेट्रोल-डीजल और सीएनजी के दामों ने ट्रैवल कंपनियों और टैक्सी संचालकों की चिंता बढ़ा दी है। गोला हॉलिडे के संचालक अमन गोला ने बताया कि उनके पास दिल्ली, यूपी समेत अन्य राज्यों से आने वाले पर्यटकों की जून तक की एडवांस बुकिंग है। पेट्रोल-डीजल के पुराने दामों के आधार पर पर्यटकों की बुकिंग की थी। इसके चलते हर दिन दो हज़ार रुपये से अधिक का नुकसान हो रहा है। पेट्रोल-डीजल के दाम ज्यादा बढ़ने पर अधिक नुकसान होने की आशंका है।