हिम्मतपुर मल्ला स्थित शिवपुरम में मंगलवार को दिनदहाड़े एक रिटायर्ड फौजी पर हमला कर बाइक सवारों ने 42 हजार रुपये लूट लिए। इसके बाद लुटेरे बाइक से भाग निकले। घायल वृद्ध ने बेस अस्पताल में इलाज कराने के बाद घटना की सूचना मुखानी पुलिस को दी। पुलिस लुटेरों की तलाश कर रही है।
हिम्मतपुर मल्ला निवासी रिटायर्ड फौजी खीम सिंह (65) पुत्र भगवान सिंह ने मंगलवार दोपहर नैनीताल बैंक से 42 हजार रुपये निकाले। वे पैसे लेकर पैदल घर जा रहे थे। शिवपुरम कालोनी में बाइक सवार तीन युवकों ने वृद्ध को रोकने के बाद उससे रुपये से भरा बैग छीना। रिटायर्ड फौजी ने लुटेरों का विरोध किया। छीना झपटी में वृद्ध को चोट आई और वह गिर पड़े। इस बीच लुटेरे 42 हजार रुपये लेकर भाग निकले।
घायल रिटायर्ड फौजी ने बेस अस्पताल में इलाज कराया और फिर रिपोर्ट दर्ज कराने कोतवाली पहुंचे। यहां पुलिसकर्मियों ने बताया कि घटनास्थल कोतवाली नहीं, मुखानी थाना क्षेत्र की है। इसके बाद वह हीरानगर चौकी गए। पुलिस के कार्यक्षेत्र को लेकर परेशान वृद्ध काफी देर बाद मुखानी थाने पहुंचे।
यहां थानाध्यक्ष संजय पांडेय ने तहरीर लेने के बाद वृद्ध को शीघ्र कार्रवाई का भरोसा दिलाया। पता चला कि वृद्ध ने बेटी की शादी के लिए बैंक से पैसे निकाले थे। पुलिस ने लुटेरों की तलाश करने के लिए कालाढूंगी रोड और हिम्मतपुर मल्ला में गश्त की, लेकिन लुटेरे हाथ नहीं आए।