हल्द्वानी। उत्तराखंड सेवानिवृत्त डिप्लोमा इंजीनियर्स फोरम ने सेवानिवृत्त कार्मिकों की लंबित समस्याओं का निराकरण न होने पर आक्रोश जताया। उन्होंने गोल्डन कार्ड से जुड़ी परेशानियां भी उठाईं।
रविवार को बद्रीपुरा स्थित संघ भवन में हुई फोरम की मासिक बैठक में वक्ताओं ने जून और दिसंबर में सेवानिवृत्त कार्मिकों की अतिरिक्त वेतन वृद्धि वर्ष 2023 से देने के आदेश में संसोधन कर यूपी और केंद्र सरकार की तरह वर्ष 2006 से देने की मांग उठाई। उन्होंने कम्यूनिकेशन राशिकरण की कटौती 15 वर्ष के स्थान पर 10 वर्ष 8 माह करने की भी मांग उठाई। फोर्ड के उपाध्यक्ष पीसी जोशी ने बताया कि शहर में पोर्टल स्थापित न होने के कारण गोल्डन कार्ड की सुविधाओं के अनुपालन में कठिनाई आ रही है। इस मामले में कर्मचारी समन्वय समिति के बैनर तले दबाव बनाने को कहा गया। इस दौरान निजी अस्पताल की ओर से आयोजित शिविर में पेंशनरों के स्वास्थ्य की जांच की गई। बैठक की अध्यक्षता एससी पंत और जेसी पंतोला ने की। यहां मोहन चंद्र तिवारी, बीएस गैड़ा, नवीन कांडपाल, पीसी पंत, मदन राम आर्या, डीके विष्ट, एलडी मथेला, एबी कांडपाल, एमसी पांडे, बीके पंत, डीसी चंदोला आदि मौजूद रहे।
फोटो कैप्शन-बद्रीपुरा संघ भवन में उत्तराखंड सेवानिवृत्त डिप्लोमा इंजीनियर्स फोरम की बैठक में मौजूद सेवानिवृत्त कार्मिक। स्रोत: फोरम