रामनगर। सरकारी अस्पताल में बीती रविवार की रात को डॉक्टरों के मारपीट कर फायर झोंकने के आरोपी सेवानिवृत्त सैन्यकर्मी को गिरफ्तार कर लिया गया है। कोर्ट में पेशी के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।
एसएसआई प्रथम मोहम्मद युनूस ने बताया कि सेवानिवृत्त सैन्यकर्मी मनोज गिरि गोस्वामी निवासी जस्सागांजा चरखी (चिल्किया) रविवार रात को एक घायल को लेकर अस्पताल पहुंचा था। अस्पताल में डॉक्टरों ने घायल की गंभीर हालत को देखते हुए उसे रेफर कर दिया था। इस पर मनोज गिरि ने डॉक्टरों व अस्पताल कर्मियों से बहस शुरू कर दी। उसे समझाने की कोशिश की गई तो उसने अपनी लाइसेंसी रिवाॅल्वर से फायर झोंक दिया, जिससे अस्पताल में खलबली मच गई।
सूचना पर पहुंचे एसआई भुवन चंद्र जोशी आरोपी को पकड़कर थाने ले गए। मामले में डॉ. पीयूष गंगवार की ओर से सौंपी गई तहरीर और अस्पताल की सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। कोतवाल अरुण कुमार सैनी ने बताया कि कोर्ट में पेशी के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।