हल्द्वानी। सरकार की ओर से जारी नई गाइडलाइन में आज से बाजार पांच दिन खोलने के साथ ही होटल, रेस्टोरेंट और बार को भी खोलने की अनुमति दे दी गई है। संपूर्ण बाजार खोलने से अब दुकानों के गुलजार रहने और बाजारों में रौनक बढ़ने की उम्मीद है। सरकार की ओर से जारी एसओपी में 50 प्रतिशत
क्षमता के साथ रेस्टोरेंट, होटल और बार खोलने का आदेश जारी किया गया है। होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष पंकज जायसवाल का कहना है कि सरकार ने होटल, रेस्टोरेंट और बार खोलने की अनुमति देकर अच्छा निर्णय लिया है। होटल के कर्मचारी, मालिक, वेटर आदि परेशान थे। सभी आर्थिक संकट से जूझ रहे थे। अब सरकार ने कोविड नियमों के अंतर्गत होटल, रेस्टोरेंट खोलने का जो आदेश दिया है, उन नियमों का पूरी तरह पालन किया जाएगा और कोविड नियमों के तहत सभी होटल-रेस्टोरेंट कर्मी काम करेंगे। उन्होंने बताया कि हल्द्वानी में करीब 250 से अधिक होटल और रेस्टोरेंट हैं। इस आदेश से हजारों कर्मचारियों को राहत मिलेगी।