नैनीताल। नगर से सटे वाटरफॉल के पास टैक्सी चालक और रेस्टोरेंट कर्मचारियों में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि रेस्टोरेंट के कर्मचारियों ने टैक्सी चालक की पिटाई कर दी। वाहन चालक ने कोतवाली में तहरीर देखकर कार्रवाई की मांग की है।
शेरवुड निवासी पवन आर्या ने कोतवाली में सौंपी तहरीर में कहा है कि बुधवार दोपहर वह पर्यटकों को लेकर वुडलैंड वाटरफॉल गया था। इस बीच अचानक वाहन के सामने एक युवक आ गया। किसी तरह उसने वाहन को रोक कर दुर्घटना होने से बचाई।
उसने युवक से देखकर चलने की बात कही तो वह भिड़ने लगा। इस दौरान पास में रेस्टोरेंट से पांच-छह कर्मचारी और संचालक वहां पहुंच गए। सभी ने बिना कुछ सुने उसकी पिटाई शुरू कर दी। वाहन में सवार पर्यटकों ने बीचबचाव कर किसी तरह चालक की जान बचाई। कोतवाल हरपाल सिंह ने बताया कि फिलहाल मामले में जांच की जा रही है। संवाद