रामनगर (नैनीताल)। भवानीगंज में स्क्रैप की दुकान में चल रहे रेस्टोरेंट के डीप फ्रिजर में दुर्गंध वाला मांस मिलने पर खाद्य विभाग ने रेस्टोरेंट को बंद करवा दिया है। यह रेस्टोरेंट बिना फूड लाइसेंस के चलाया जा रहा था। वहीं पशु चिकित्सक ने डीप फ्रिजर में मिले मांस के सैंपल को जांच के लिए भेजा है।
रामनगर के भवानीगंज में खाद्य विभाग, पशु चिकित्सा अधिकारी व पुलिस ने संयुक्त रूप से चेकिंग अभियान चलाया। यहां अकरम की पहलवान स्क्रैप डीलर की दुकान है। इसी दुकान के बगल में अकरम की ओर से रेस्टोरेंट का संचालन किया जा रहा था। खाद्य विभाग के निरीक्षक असलम खान ने बताया कि रेस्टोरेंट में रखे डीफ फ्रिजर को जैसे ही खोला गया तो उसमें बदबू आ रही थी।
रेस्टोरेंट संचालक ने मांस को बिना साफ सफाई के रखा गया था और डीप फ्रिजर में खून बिखरा हुआ था। मांस को जांच के लिए वरिष्ठ पशु चिकित्साधिकारी डाॅ. राजीव कुमार ने सैंपल लेकर लैब भेजा है। फिलहाल बिना फूड लाइसेंस के रेस्टोरेंट संचालन पर रेस्टोरेंट को बंद करवा दिया है और जुर्माना किया जा रहा है। इसके बाद बाजार में भी खाद्य विभाग की टीम ने छापामारी की।