रामनगर। प्रदेश में 21 फरवरी से उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षाएं शुरू होने जा रही हैं। परीक्षा से पूर्व तैयारियों के लिए बोर्ड अधिकारियों ने सभी जिलों के मुख्य शिक्षा अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की। बैठक में बोर्ड सचिव ने परीक्षा केंद्रों की व्यवस्था, सचल दल की नियुक्ति, प्रश्नपत्रों की सुरक्षा समेत कई जरूरी दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रश्नपत्रों की सुरक्षा का दायित्व सर्वोपरि है जिसके लिए सभी सीईओ गंभीर रहें।
शनिवार को बोर्ड सभागार में हुई बैठक में सचिव विनोद कुमार सिमल्टी ने बताया कि वर्ष 2025-26 की बोर्ड परीक्षा के लिए 2,16,907 परीक्षार्थियों ने पंजीकरण कराया है। इसमें 112660 हाईस्कूल जबकि 104247 परीक्षार्थी इंटरमीडिएट में शामिल हैं। परीक्षा के लिए 1261 केंद्र बनाए गए हैं। 156 संवेदनशील जबकि छह परीक्षा केंद्र अति संवेदनशील हैं। बैठक में सभी जिलों के मुख्य शिक्षा अधिकारियों को परीक्षा केंद्रों में व्यवस्थापकों, कस्टोडियन, सचल दल में निरीक्षकों की नियुक्ति करने, प्रश्न पत्रों की प्राप्ति, रख-रखाव, सादी उत्तर पुस्तिकाओं की व्यवस्था करने समेत कई जरूरी निर्देश दिए हैं। बैठक में अपर सचिव बीएमएस रावत, उप सचिव सुषमा गौरव, दिनेश चंद्र जोशी, शैलेंद्र जोशी, डॉ. नंदन सिंह बिष्ट, इंदु प्रकाश नेगी, राजीव रावत आदि मौजूद रहे।