नैनीताल। तल्लीताल क्षेत्र में महिला के अंतर्वस्त्र चुराने में पुलिस ने एक शोध छात्र को गिरफ्तार कर लिया। कोर्ट में पेशी के बाद आरोपी को जमानत पर छोड़ दिया गया। बताया जाता है कि युवक पूर्व में भी महिलाओं के अंतर्वस्त्र चुराता रहा है।
पुलिस के अनुसार तल्लीताल फांसी गधेरे क्षेत्र में बीते कुछ दिनों से महिला के अंतर्वस्त्र घर के बाहर से चोरी हो रहे थे। लगातार कई दिनों तक यह सिलसिला चलने पर महिला परेशान हो गई और मामले की शिकायत अपने पति से की। दंपती ने इस चोर को पकड़ने के लिए योजना बनाई। बृहस्पतिवार को घर के बाहर महिला के अंतर्वस्त्र टांग दिए और चोर के इंतजार में घर के अंदर बैठ गए। कुछ ही देर बाद उन्होंने एक युवक को घर के बाहर अंतर्वस्त्र उठाते दबोच लिया। मामले का पता चलने पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई और आरोपी की पिटाई लगा दी। सूचना पर पहुंची पुलिस युवक की करतूत जानकर हैरान रह गई। पुलिस पूछताछ में युवक ने कपड़े चोरी करने की बात कबूल ली। जांच में युवक कुमाऊं विवि का संगीत का शोध छात्र निकला। एसओ विजय मेहता ने बताया कि मल्लीताल निवासी युवक के खिलाफ 151 के तहत मामला दर्ज कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जमानत पर छोड़ दिया।