हल्द्वानी। सुशीला तिवारी अस्पताल में अव्यवस्था खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। प्रसव के लिए एसटीएच पहुंची कोरोना निगेटिव महिला प्रसव के बाद कोरोना पॉजिटिव हो गई। कोरोना वार्ड के मरीजों हंगामा करने के बाद महिला की ड्रेसिंग की गई और सैनेटरी नैपकिन बदला गया।
एसटीएच में लाइन नंबर चार निवासी एक महिला को 22 जुलाई को एसटीएच में भर्ती कराया गया था। महिला के पति ने बताया कि एसटीएच ले जाने से पहले पत्नी की कोरोना जांच हुई थी और रिपोर्ट निगेटिव थी। 22 जुलाई को एसटीएच के इमरजेंसी में ले गए थे। इमरजेंसी में ही महिला को रखा गया था। 23 जुलाई को पत्नी ने नवजात को जन्म दिया। एसटीएच में ही पत्नी की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। पत्नी को कोरोना वार्ड में रखा गया है। वार्ड में भर्ती एक मरीज ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि महिला का सैनेटरी नैपकिन तक नहीं बदला गया और न ही कोई ड्रेसिंग करने आया। शुक्रवार को जब हंगामा किया गया और डाक्टरों से बात की गई तो उसकी ड्रेसिंग की गई और नैपेकिन बदला गया। कहा कि यूरिन बैग भी फुल हो गया था और बदलने वाला कोई नहीं था। हंगामे के बाद ही उसका यूरिन बैग बदला गया। वार्ड की महिलाएं आज उक्त महिला को वाशरूम ले गई और फिर हाथ धुलवाने के बाद बेड पर लाकर लिटाया।
प्राचार्य डॉ. सीपी भैसोड़ा ने कहा कि मामला मेरे संज्ञान में नहीं है। इस मामले को गंभीरता से लिया जाएगा और ड्यूटी में लगे लोगों का जवाब तलब किया जाएगा। साथ ही पूरे मामले की जांच कराई जाएगी।
डीएम सविन बंसल ने कहा कि एसटीएच में अगर ऐसा हो रहा है तो मामला गंभीर है। एसटीएच के एक प्रकरण की जांच चल रही है और इस मामले की भी जांच कराई जाएगी।