नैनीताल। बीडी पांडे अस्पताल में बृहस्पतिवार को बालरोग विशेषज्ञ के पहुंचने से लोगों को राहत मिली। दरअसल बुधवार को डॉक्टरों के नहीं पहुंचने से मरीजों को बैरंग लौटना पड़ा था।
नैनीताल के बीडी पांडे अस्पताल में तीन बाल रोग विशेषज्ञों के स्वीकृत पदों पर वर्तमान में एक ही डाक्टर तैनात हैं जो इन दिनों छुट्टी पर हैं। ऐसे में अस्पताल प्रबंधन की ओर से अन्य अस्पतालों से डाॅक्टरों को बुलाकर व्यवस्थाएं बनाई जा रही हैं। बुधवार को बाल रोग विशेषज्ञ के अस्पताल नहीं पहुंचने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा था। दूरदराज से पहुंचे मरीजों को बैरंग लौटना पड़ा था। इसे देखते हुए अस्पताल प्रबंधन की ओर से बृहस्पतिवार को हल्द्वानी से बाल रोग विशेषज्ञ को बुलाया। इसके चलते अस्पताल आए बीमार बच्चों को इलाज मिला। पीएमएस डॉ. टीके टम्टा ने बताया कि अब डाॅक्टर लगातार उपलब्ध रहेंगे। संवाद