नैनीताल में बारिश के दौरान लाइट जलाकर चलते वाहन चालक।
हल्द्वानी। दो माह के लंबे इंतजार के बाद बुधवार शाम को अचानक बदरा बरसे तो लोगों ने राहत की सांस ली। इस दौरान अंधड़ चलने के साथ अंधेरा छा गया। धूलभरी आंधी के बीच सड़क पर दृश्यता बेहद कम हो गई। इस दौरान करीब दस मिनट तक ओले भी गिरे। बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया है। विभाग ने अगले दो से तीन दिन तक पर्वतीय जिलों में ओलावृष्टि और मैदानी इलाकों में धूल भरी आंधी चलने को लेकर चेतावनी जारी की है।
बुधवार शाम पौने सात बजे के आसपास पूरे शहर में मौसम का मिजाज बदला और धूल भरी आंधी चलने लगी। करीब 10 मिनट तक अंधड़ चलने के बाद तेज बारिश और ओलावृष्टि शुरू हो गई। करीब 15 मिनट तक बारिश रहने के बाद ठंडी हवा चलने लगी जिससे मौसम में ठंडक बढ़ गई। मौसम खुशनुमा होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली। इससे पहले दिन में तेज धूप खिलने से अधिकतम तापमान 36.5 और न्यूनतम पारा 21.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। देहरादून मौसम विभाग के अनुसार 12 अप्रैल तक पर्वतीय और मैदानी इलाकों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश और 50- 60 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से अंधड़ चलने की आशंका है।
अंधड़ और ओलावृष्टि से खेतों में बिखरे गेहूं के दाने
अंधड़ और ओलावृष्टि से गेहूं की फसल को भी नुकसान पहुंचा है। अब तक अधिकतर किसानों ने गेहूं की फसल काट ली है। हालांकि कटे हुए गेहूं खेतों में ही पड़े हैं। मुख्य कृषि अधिकारी ऋतु कुकरेती जुयाल ने बारिश को बेहद फायदेमंद बताया है। उन्होंने कहा कि गर्म जमीन में खेतों में पानी भरने लायक बारिश नहीं हुई है। अधिकतर गेहूं कट चुका है। इस वजह से गेहूं की फसल को नुकसान की गुंजाइश कम ही है। आंधी और ओलावृष्टि से नुकसान की सूचना आने पर टीम को भेजकर आकलन किया जाएगा।