नैनीताल। उत्तराखंड के पहले दैनिक समाचार पत्र पर्वतीय के संस्थापक संपादक बीडी उनियाल के 101वें जन्मोत्सव वर्ष पर पर्वतीय स्मृति समारोह अभिव्यक्ति कार्यक्रम का आयोजन कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।
बीडी उनियाल पर्वतीय चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से कुमाऊं विवि के एचआरडीसी सभागार में आयोजित कार्यक्रम में एनिमेशन फिल्म के माध्यम से उनकी जीवन यात्रा दर्शाई गई। पर्वतीय समाचार पत्र और उत्तराखंड में स्वातंत्रयोत्तर पत्रकारिता और स्मृतियों के प्रांगण से एक संकलन नामक दो पुस्तकों का विमोचन किया गया।
पद्मश्री प्रो. शेखर पाठक ने बिष्णु दत्त उनियाल की पत्रकारिता और समकालीन समाज का विस्तृत वर्णन किया। प्रो. अजय रावत ने स्थानीय घटनाओं, प्रतिभाओं और पर्वतीय की पत्रकारिता पर चर्चा की। कुमाऊं विवि के पत्रकारिता विभाग के अध्यक्ष प्रो. गिरीश रंजन तिवारी ने स्व. उनियाल के साठ के दशक में लिखे संपादकीय और लेखों की चर्चा करते हुए उन्हें आज भी प्रासंगिक बताया। लखनऊ से आए पूर्व संपादक और साहित्यकार नवीन जोशी ने पत्रकारिता के क्षेत्र में हो रहे बदलावों की चर्चा की।
इस मौके पर पूर्व विधायक डॉ. नारायण सिंह जंतवाल, साहित्यकार प्रो. लक्ष्मण सिंह बिष्ट बटरोही, पर्वतीय पर पीएचडी कर चुके नीरज साह, डॉ. पंकज तिवारी, आयोजक स्व. उनियाल की पुत्री सीमा उनियाल मिश्रा, उत्तराखंड प्रशासनिक अकादमी के महानिदेशक डॉ. बीपी पांडे, कूर्मांचल बैंक के अध्यक्ष विनय साह, पूर्व अध्यक्ष आलोक साह, गीता साह, कमांडर जेपीएस मिश्रा, स्वरित उनियाल मिश्रा, विजेंद्र पाल, प्रो. उमा भट्ट, शीला, प्रो. सावित्री कैड़ा, डॉ. शशि, ट्रस्ट की रचना जोशी, विनोद पांडे, प्रदीप पांडे आदि थे। संचालन प्रो. नीरजा टंडन ने किया।