आधार कार्ड बनाने और नाम-पता बदलने के नाम पर हो रही वसूली को प्रशासन ने गंभीरता से लिया तो बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया। कामन सर्विस सेंटर (सीएससी) में इसके लिए 300 रुपये तक वसूले जा रहे थे। बुधवार को सिटी मजिस्ट्रेट ने बरेली रोड स्थित एक सेंटर पर छापा मारा और तत्काल प्रभाव से केंद्र को सील कर दिया।
बरेली रोड पर अब्दुल्ला बिल्डिंग के सामने स्थित सीएससी पर आधार कार्ड में नाम और पता परिवर्तन कराने के नाम पर 300 रुपये वसूलने की शिकायत सिटी मजिस्ट्रेट को मिली थी। शिकायतकर्ता का कहना था कि सेंटर संचालक द्वारा आधार कार्ड बनाने से लेकर हर कार्य में अवैध ढंग से पैसा वसूला जा रहा है। इस पर सिटी मजिस्ट्रेट पंकज उपाध्याय ने सेंटर पर छापामार कर जांच पड़ताल की तो शिकायत सही पाई गई। सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि सेंटर पर जांच पड़ताल में कई अनियमितताएं पाई गईं हैं। आधारकार्ड में कुछ भी परिवर्तन कराने का शुल्क केवल 25 रुपये निर्धारित है लेकिन सेंटर द्वारा 300 रुपये वसूले गए। उन्होंने बताया कि इस पर तरुण शर्मा द्वारा संचालित सेंटर को सील कर दिया गया। इसके उपरांत बरेली रोड पर ही दूसरे सेंटरों पर भी चेकिंग की गई मगर अन्य किसी सेंटर पर पैसा वसूलने की शिकायत नहीं मिली।