नैनीताल। औचक निरीक्षण में अनियमितताएं मिलने पर शहर के चार मेडिकल स्टोरों के लाइसेंस निलंबित किए जाएंगे। वरिष्ठ औषधि निरीक्षक ने इसकी संस्तुति कर उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेज दी है। साथ ही उनके क्रय-विक्रय पर रोक लगा दी है।
सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण के निर्देश पर बृहस्पतिवार को औषधि नियंत्रण विभाग की टीम ने नैनीताल के कई मेडिकल स्टोरों पर छापा मारा था। वरिष्ठ औषधि निरीक्षक मीनाक्षी बिष्ट ने बताया कि इनमें हिमानी मेडिकल स्टोर, सांई संजीवनी मेडिकोज, प्रकाश मेडिकल स्टोर, पॉपुलर मेडिकोज में न औषधि के क्रय-विक्रय अभिलेखों का सत्यापन कराया गया था और न ही दवा का रखरखाव मानकों के अनुरूप था। इनके लाइसेंस निलंबन की संस्तुति के साथ ही क्रय-विक्रय पर रोक लगाने की कार्रवाई की गई है।
अन्य मेडिकल स्टोर मोहिंदर केमिस्ट, राम सिंह संत सिंह व अन्य को बिल काटने व औषधि के उचित भंडारण के संबंध में निर्देशित किया गया है। हिमानी मेडिकल और राम सिंह संत सिंह मेडिकल प्रतिष्ठानों से दो-दो दवाओं के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। टीम में वरिष्ठ औषधि निरीक्षक नीरज कुमार भी शामिल थे।