फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रंजीत सिंह ने जीता गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा के प्रधान का चुनाव

Sun, 28 May 2017 02:00 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
election - फोटो : demopic
विज्ञापन
गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा के प्रधान पद पर रंजीत सिंह ने जीत दर्ज की। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी अमरजीत सिंह आनंद को 61 मतों से हराया। रंजीत सिंह को 396 जबकि अमरजीत सिंह को 335 मत मिले। तीसरे उम्मीदवार बलजीत सिंह को 305 मतों पर संतोष करना पड़ा।  
विज्ञापन


प्रधान पद के लिए रामलीला मैदान के सामने स्थित गुरुद्वारा परिसर में सुबह आठ बजे से मतदान शुरू हुआ। तीन प्रत्याशी रंजीत सिंह, अमरजीत सिंह आनंद और बलजीत सिंह के चुनाव मैदान में होने के कारण चुनाव काफी रोचक हो गया था।

अपराह्न तीन बजे तक चले मतदान में तीनों प्रत्याशियों के समर्थक अधिक से अधिक मतदान कराने के प्रयास में जुटे दिखाई दिए। मतदान के अंतिम दौर यानी कि दो बजे से लेकर तीन बजे तक लोग एक-एक मतदाता को लेकर उनका वोट डलवाने में लगे थे।
विज्ञापन


तहसीलदार की निगरानी में 21 चरणों में मतगणना हुई जो कि सवा पांच बजे तक चली। मतगणना पूरी होने के बाद मुख्य चुनाव अधिकारी सरदार अमरजीत सिंह बिंद्रा ने चुनाव परिणाम की घोषणा करते हुए रंजीत सिंह को विजयी घोषित किया। मुख्य चुनाव अधिकारी ने बताया कि चुनाव में कुल 1400 मतदाताओं में से 1051 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

8 वोट निरस्त हुए। मतदान एवं मतगणना में सहायक चुनाव अधिकारी के रूप में नरेंद्र जीत सिंह कोहली, जसपाल सिंह कोहली, हरजीत सिंह सच्चर सहयोग किया। इधर, चुनाव परिणाम की घोषणा होते ही रंजीत सिंह को निवर्तमान अध्यक्ष अमरजीत सिंह सेठी समेत तमाम लोगों ने उन्हें फूल मालाओं से लाद दिया।        

हंगामे से कुछ देर रुका मतदान

चुनाव के दौरान मतदान स्थल पर वोट डालने के बाद वहां किसी को रुकने नहीं दिया जा रहा था। इसी बीच दोपहर डेढ़ बजे एक व्यक्ति के वोट डालने के बाद भी इधर-उधर घूम कर लोगों से बात करता देख कुछ लोगों ने विवाद खड़ा कर दिया।

लोगों का कहना था कि मतदान स्थल पर केवल सहायक चुनाव अधिकारी का बिल्ला लगाए लोग ही रहेंगे लेकिन इतना सब कुछ कहने के बाद भी वह व्यक्ति बाहर जाने को तैयार नहीं था तथा लोगों से नोकझोंक करने लगा। इस कारण 15 मिनट मतदान रुका। बाद में पुलिस ने किसी तरह उसे बाहर निकाला।  

प्रत्याशियों ने लगाए पंडाल 

चुनाव में प्रत्याशियों ने मतदाताओं को रिझाने के लिए हर संभव प्रयास किए थे। चुनाव स्थल के पास प्रत्याशियों के पंडाल भी लगे थे जिसमें मतदाताओं को पर्ची के साथ पानी की बोतल दी जा रही थी। इन्हीं पंडालों में एक दूसरे को हराने जिताने की रणनीति बनाने में लोग सुबह से लगे रहे।

संगठन को राजनीति का अखाड़ा नहीं बनने देंगे: रंजीत

प्रधान पद पर निर्वाचित रंजीत सिंह ने अमर उजाला से कहा कि धर्म का प्रचार और गुरु की सेवा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि सिख समाज के बच्चों को पंजाबी शिक्षा से जोड़ना भी उनकी कोशिश होगी। उन्होंने कहा गुरुद्वारा श्रीगुरुसिंह सभा को राजनीति का अखाड़ा नहीं बनने देंगे, काम करने वाले लोगों को वह अपने साथ अवश्य जोड़ेंगे। 
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें