हल्द्वानी काठगोदाम रेलवे स्टेशन में शंटिंग के दौरान रानीखेत एक्सप्रेस ट्रेन के पटरी से उतरे इंज
- फोटो : HALDWANI
काठगोदाम रेलवे स्टेशन पर रानीखेत एक्सप्रेस का इंजन शंटिंग के दौरान दो बार पटरी से उतर गया। इससे रेलवे में खलबली मच गई। इस दौरान काठगोदाम स्टेशन से चलने वाली गरीब रथ ट्रेन भी करीब 32 मिनट लेट हो गई। वही, रानीखेत एक्सप्रेस से जाने वाले यात्रियों के परेशानी का सामना करना पड़ा।
काठगोदाम रेलवे स्टेशन से रानीखेत-दिल्ली-जैसलमेर ट्रेन का संचालन किया जाता है। यह ट्रेन स्टेशन से रात 8:35 से रवाना होती है। इस ट्रेन का इंजन यार्ड में शंटिंग कर रहा था। इस दौरान शाम 6:15 बजे इंजन पटरी से उतर गया। इसके बाद उसे पटरी पर लाने का प्रयास शुरू किया गया। मदद के लिए लालकुआं से स्वचालित दुर्घटना राहत मेडिकल इक्यूपमेंट ट्रेन बुलाई गई।
बड़ी संख्या में रेलवे कर्मी प्रयास में जुटे रहे। 9:45 बजे इंजन पटरी पर लाया जा सका। इसके बाद दूसरे इंजन को शंटिंग कराने के बाद ट्रेन चलाने की तैयारी की गई। पर इस ट्रेन का दूसरा इंजन भी रात 10:30 बजे शंटिंग के दौरान ट्रैक से उतर गया। इसके बाद रेलवे ने नए सिरे से इंजन को पटरी पर लाने का प्रयास शुरू किया था। देर रात तक अभियान जारी था। इस दौरान यात्री परेशान रहे।
कई बार हो चुकी घटना
रानीखेत एक्सप्रेस का इंजन पांच दिन में तीसरी बार ट्रैक से उतरा। पांच दिन पहले सुबह ट्रेन का इंजन शंटिंग के दौरान ट्रैक से उतर गया था। सूत्रों के अनुसार इस मामले की जांच पूर्वोत्तर रेलवे इज्जतनगर मंडल करा रहा है, अब फिर यह मामला आ गया। बताया जा रहा है कि जहां पर पहले इंजन शंटिंग के दौरान रेलवे ट्रैक से उतरा था, करीब उसी जगह पर इंजन सोमवार को ट्रैक से उतरा है। अगर कुछ महीने पहले की बात करें तो काठगोदाम रेलवे स्टेशन पर ही 19 मई को शंटिंग के दौरान बाघ एक्सप्रेस ट्रेन का पिछला डिब्बा पटरी से उतर गया था।