नैनीताल। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को नई दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम में नर्सिंग के क्षेत्र में उत्कृष्ट काम करने के लिए बीडी पांडे अस्पताल नैनीताल की मेट्रन शशिकला पांडे को राष्ट्रीय फ्लोरेंस नाइटिंगेल अवार्ड से सम्मानित किया। शशिकला का मरीजों के प्रति समर्पण और निस्वार्थ सेवा के लिए यह सम्मान दिया गया। शशिकला को सम्मान मिलने पर बीडी पांडे अस्पताल में खुशी की लहर है।
वह बीडी पांडे जिला चिकित्सालय में पिछले 16 साल से सेवा दे रही हैं। उन्होंने कोरोना काल में भी उल्लेखनीय कार्य किए। वह कोरोना योद्धा सम्मान से सम्मानित हो चुकी हैं। वह अपने हंसमुख स्वभाव के लिए जानी जाती हैं। घर में 22 वर्षीय दिव्यांग बेटी और पैरालाइज्ड पति की देखभाल के साथ अस्पताल की जिम्मेदारी बखूबी निभाती हैं। शशिकला पांडे का कहना है कि उन्हें अस्पताल प्रबंधन का पूरा सहयोग मिलता है जिसके चलते वह अपनी जिम्मेदारी का बखूबी निर्वहन करती हैं।
सम्मान मिलने पर अस्पताल के पीएमएस डॉ. एलएमएस रावत ने कहा कि अस्पताल की मेट्रन को यह सम्मान मिलने से अस्पताल का गौरव बढ़ा है। अस्पताल के डॉ. वीके पुनेरा, वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. एमएस दुग्ताल, डॉ. अनिरूद्ध गंगोला, डॉ. प्रियांशु श्रीवास्तव, डॉ. हाशिम अंसारी और अन्य स्टाफ ने खुशी जताई है।
----------
राज्यपाल भी सराह चुके हैं मेट्रन के कार्य
नैनीताल। पिछले दिनों नैनीताल पहुंचे राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने मेट्रन के परिवार की स्थिति, कार्यों व लगन से प्रभावित होकर उन्हें 10001 रुपये का नकद इनाम दिया था। बीती 15 जून को राज्यपाल ने बीडी पांडे अस्पताल का निरीक्षण किया था। उस दौरान शशिकला पांडे ने राज्यपाल को अस्पताल का निरीक्षण कराया। साथ ही अस्पताल के कार्यों की जानकारी दी थी। इस दौरान स्टाफ की ओर से राज्यपाल को उनकी पारिवारिक स्थिति व उनके सराहनीय कार्यों की जानकारी दी थी। यह भी बताया था कि शशिकला का चयन फ्लोरेंस नाइटिंगेल पुरस्कार के लिए हुआ है। राज्यपाल ने उनकी मेहनत व लगन से प्रभावित होकर उन्हें और उनकी बेटी के लिए नकद पुरस्कार दिया था।
--------
- शशिकला पांडे ने हमेशा अस्पताल और मरीजों के हित में कार्य किया है। शुरुआत से ही पारिवारिक परिस्थतियों से जूझते हुए उन्होंने काम को प्राथमिकता दी है। वह इस अवार्ड की हकदार थीं। उन्हें यह सम्मान मिलने से नैनीताल जिले को सम्मान मिला है।
-डॉ. भागीरथी जोशी, सीएमओ, नैनीताल