नैनीताल। तेलगांना हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस राघवेंद्र सिंह चौहान उत्तराखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश होंगे। सुप्रीम कोर्ट की कोलेजियम ने इसकी सिफारिश की है। विधि एवं न्याय मंत्रालय की ओर से उनकी नियुक्ति की अधिसूचना जारी की जाएगी। 15 जुलाई को उत्तराखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश रमेश रंगनाथन के सेवानिवृत्त होने के बाद से न्यायमूर्ति रवि मलिमठ कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के रूप में कार्यरत हैं।
तेलगांना हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस राघवेंद्र सिंह चौहान ने अपने डेढ़ वर्ष के कार्यकाल में न्याय प्रणाली में बहुत सुधार किए हैं। उन्होंने कोविड -19 प्रबंधन और सार्वजनिक स्वास्थ्य मामलों और झीलों के प्रबंधन जैसे प्रमुख मुद्दों को व्यवस्थित करने के प्रयास किए। लॉकडाउन के दौरान बड़ी संख्या में प्रवासी श्रमिकों के लिए एक सुरक्षित मार्ग सुनिश्चित कराने पर उनके प्रयास की सराहना की गई।
चीफ जस्टिस राघवेंद्र सिंह चौहान ने राजस्थान हाईकोर्ट में जून 2005 में न्यायाधीश के रूप में शपथ ली। मार्च 2015 में कर्नाटक हाईकोर्ट में उनका तबादला कर दिया गया। वह एक वरिष्ठ न्यायाधीश के रूप में तेलंगाना हाईकोर्ट में आए और अप्रैल 2019 में तेलंगाना के चीफ जस्टिस बन गए।