हल्द्वानी। हैदराबाद की हार्टफुलनेस गोपीचंद बैडमिंटन अकादमी में आयोजित सातवीं राष्ट्रीय पैरा बैडमिंटन चैंपियनशिप में शिवांगी ने महिला एकल वर्ग में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। काठगोदाम स्थित इंस्पिरेशन स्कूल की छात्रा ने एक बार फिर प्रदेश का मान बढ़ाया है। नौ मार्च को खेले गए फाइनल मुकाबले में शिवांगी ने प्रतिद्वंद्वी को सीधे सेटों में पराजित कर राष्ट्रीय खिताब जीता। पुरस्कार वितरण समारोह में भारतीय बैडमिंटन टीम के मुख्य कोच पद्मश्री पुलेला गोपीचंद ने शिवांगी को स्वर्ण पदक और प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उनकी उपलब्धि पर विद्यालय के प्रधानाचार्य अनुराग माथुर, चेयरपर्सन गीतिका बलूटिया, उत्तराखंड पैरा गेम्स के सचिव प्रेम कुमार और बैडमिंटन एसोसिएशन के सचिव बीएस मनकोटी ने प्रसन्नता जताई है।