नैनीताल। नंदा देवी महोत्सव को पांच दिन बीत चुके हैं। महोत्सव की सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर सवाल उठने लगे हैं। मेला क्षेत्र की संकरी गलियों में भीड़ और दुकानों के कारण आपात स्थिति में दमकल वाहनों का पहुंचना मुश्किल है। वहीं मेला परिसर में दुकानें लगाने वाले कई दुकानदारों का अब तक पुलिस सत्यापन नहीं होने की बात भी सामने आई है। अब तक कितने दुकानदारों का सत्यापन हुआ, कोतवाली पुलिस के पास इसका कोई आंकड़ा नहीं है।
मेला क्षेत्र की चौड़ी गलियां सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण हैं जहां किसी घटना के समय दमकल के वाहन निकलने लायक जगह होनी चाहिए लेकिन यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और लोगों की आवाजाही होने के बावजूद ना तो दुकानों में अग्निसुरक्षा के पूर्ण इंतजाम हैं और ना ही अग्निकांड की आपात स्थिति में दमकल वाहन के घटनास्थल तक पहुंचाने की पर्याप्त जगह है। दुकानों और भीड़ के बीच आपातकालीन रास्तों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। एसपी डॉ. जगदीश चंद्र ने बताया कि दमकल की टीम लगातार मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर रही है। सभी दुकानदारों को अगिनशमन यंत्र रखने एवं पुलिस को सत्यापन के निर्देश दिए गए हैं।