हल्द्वानी। पुलिस वाहन के आगे बाइक लगाकर रेत से भरे ट्रैक्टर को भगाने का मामला सामने आया है। बाइक सवार व्यक्ति के वन श्रमिक होने की बात प्रथम दृष्टया सामने आ रही है। इस मामले का एक वीडियो भी वन विभाग को मिलने की बात कही जा रही है। तराई केंद्रीय वन प्रभाग के डीएफओ ने जांच एसडीओ को सौंपी है।
जानकारी के अनुसार कुछ दिन पहले बरहैनी पुलिस चौकी प्रभारी (जिला ऊधम सिंह नगर) अपनी टीम के साथ अवैध कच्ची शराब से जुड़े मामले में जांच के लिए रात में जा रहे थे। बरहैनी के आबादी क्षेत्र की तरफ रेत से भरा ट्रैक्टर-ट्रॉली जाती हुई दिखी। पुलिस ने एहतियातन जांच के लिए जब ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोकने का प्रयास शुरू किया तो अचानक एक बाइक सवार बीच में आ गया। बाइक पर सवार लोगों ने पुलिस के वाहन को काफी देर तक आगे नहीं निकलने दिया। इसी बीच ट्रैक्टर-ट्रॉली वाला भाग खड़ा हुआ। बाद में बाइक सवार गायब हो गए। इस घटनाक्रम का एक वीडियो भी वन विभाग को मिलने की बात कही जा रही है। इसमें एक बाइक सवार के वन श्रमिक होने की बात सामने आ रही है। तराई केंद्रीय वन प्रभाग डीएफओ अभिलाषा सिंह का कहना है कि प्रकरण का पता चला है। मामले की जांच एसडीओ को सौंपी गई है।
एसडीओ ध्रुव सिंह मर्तोलिया का कहना है कि मोहला बैरियर पर तैनात कर्मियों से पता किया गया है। ट्रैक्टर-ट्रॉली रात में वहां से ही निकली है। संबंधित मामले में एक वन श्रमिक का नाम सामने आ रहा है, उससे जुड़ी और जानकारी जुटाई जा रही है। बैरियर पर तैनात कर्मियों की भूमिका को भी देखा जा रहा है।