वार्ड-नौ नवाबी रोड तल्ली बमौरी की दुर्गा कॉलोनी में बुधवार से शुद्ध जलापूर्ति की जाएगी। जल संस्थान ने दो दिन कॉलोनी की पाइप लाइन को वॉशआउट करने के बाद पेयजलापूर्ति सुचारु करने का निर्णय लिया है।
दुर्गा कालोनी में पिछले सप्ताह दूषित जलापूर्ति के बीच छात्रा समेत तीन लोगों के पीलिया से पीड़ित होने का मामला संज्ञान में आया था। बरेली में उपचार के दौरान छात्रा की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग और जल संस्थान में हड़कंप मच गया था। दोनों विभागों की टीमों ने कॉलोनी पहुंच पानी की सैंपलिंग की थी। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद दोनों विभाग ने राहत महसूस की। कॉलोनी में एक बार फिर से महिला डिग्री कालेज वाले ओवरहेड टैंक से जलापूर्ति होने लगेगी। जल संस्थान के अधिशासी अभियंता आरएस लोशाली ने बताया कि जनस्वास्थ्य की सुरक्षा के मद्देनजर सप्ताह भर पहले पाइप लाइन को काटकर पानी बंद किया गया था।
बॉक्स-
गौला से एक घंटा ठप रही जलापूर्ति
गौला बैराज में मंगलवार को सिल्ट सफाई के चलते शीशमहल फिल्टर प्लांट की जलापूर्ति एक घंटा बाधित रही। इससे प्लांट से आपूर्ति में व्यवधान हुआ। जल संस्थान के सहायक अभियंता रवींद्र कुमार ने बताया कि सुबह 9:30 बजे से 10:30 बजे तक बैराज से आपूर्ति ठप रही थी।