कालाढूंगी। घटगढ़ में शराब की दुकान के विरोध में ग्रामीणों का धरना 17वें दिन भी जारी रहा। कई दिनों से प्रदर्शन के बावजूद ग्रामीणों की मांग सुनने प्रशासन से कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। मातृशक्ति का कहना है कि जब तक शराब की दुकान को निरस्त नहीं किया जाएगा तब तक उनका धरना जारी रहेगा। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि गांव के पास शराब की दुकान खुलने से माहौल खराब होगा, इसलिए वे इसका विरोध कर रहे हैं। धरने पर प्रधान खुशाल सिंह, राधा बिष्ट, कांति बिष्ट, सरिता बिष्ट, योगेश सिंह, भोपाल बिष्ट, हेमा देवी आदि मौजूद रहीं।